सैन्य भूमि को साधने की तैयारी: अग्निवीर और ओरोप के मुद्दे पर उत्तराखंड में गरजेंगे राहुल गांधी

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड में सियासत की गरमी एक बार फिर बढ़ने वाली है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जल्द ही उत्तराखंड के दौरे पर आ सकते हैं। कांग्रेस संगठन की ओर से उनके इस दौरे को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां और मंथन शुरू हो चुका है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी अपने इस दौरे के दौरान पौड़ी या फिर लैंसडाउन क्षेत्र का रुख करेंगे, जहां वे मुख्य रूप से सैनिक और सैन्य परिवारों के साथ सीधा संवाद और एक बड़ी जनसभा कर सकते हैं।

उत्तराखंड को 'सैन्य भूमि' भी कहा जाता है, जहां लगभग हर घर से कोई न कोई सदस्य सेना में है। ऐसे में कांग्रेस राहुल गांधी के इस दौरे के जरिए सीधे तौर पर सैनिक परिवारों को साधने की कोशिश में है। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने बताया कि राहुल गांधी देवभूमि के वीरों के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की 'अग्निवीर योजना' और 'वन रैंक वन पेंशन' जैसे मुद्दों पर खुलकर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के आने से केंद्र की नाकाम नीतियों को उत्तराखंड के कोने-कोने तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन को लेकर आलाकमान और राहुल गांधी के कार्यालय के साथ लगातार बातचीत चल रही है। हालांकि, जनसभा की सटीक जगह अभी फाइनल होना बाकी है, लेकिन वे उत्तराखंड आने के बेहद इच्छुक हैं। गणेश गोदियाल ने कहा राहुल गांधी के उत्तराखंड आने से राज्य के हर एक कांग्रेस कार्यकर्ता में नए उत्साह का संचार होगा। पूरा विश्व आज मान रहा है कि राहुल गांधी की कही एक-एक बात सच साबित हो रही है। हरक सिंह रावत के अनुसार,ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी से अनुरोध किया गया है कि पौड़ी गढ़वाल मंडल का मुख्यालय होने के कारण कार्यक्रम पौड़ी या लैंसडाउन में रखा जाए। इसके अलावा कुमाऊं मंडल में भी उनका एक कार्यक्रम प्रस्तावित है। राहुल गांधी गढ़वाल और कुमाऊं का एक-एक दिन का दौरा करेंगे, जिसकी तिथियां जल्द ही फाइनल की जाएंगी। वहीं, राहुल गांधी के दौरे से पहले जून के प्रथम सप्ताह में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी संगठन की नब्ज टटोलने उत्तराखंड पहुंच रही हैं।