देहरादून। उत्तराखण्ड में बारिश लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। पहाड़ों पर अतिवृष्टि के चलते कई लोगों की जान चली गयी। वहीं लगातार हो रही मौतों से लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। हालात यह है कि बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चला है। वहीं मैदान इलाके पूरी तरह जलमग्न हुए पड़े हैं। चारों तरफ पानी ही पानी भरा पड़ा है। खबरों की मानें तो अबतक प्रदेश में 24 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई लोग घायल हुए है। वहीं भूस्खलन से अधिकांश मार्ग बंद हैं। नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक में एक मकान जमींदोज हो गया। इस दौरान मकान में मौजूद दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है और मिट्टी में दबे शवों को बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है। वहीं धारी तहसील के चौखुटा गांव में भूस्खलन की जद में आए मकान में एक ही परिवार के छह लोगों की दबकर मौत हो गई। भीमताल में मकान ढहने से एक बच्चा मलबे में दब गया है। अल्मोड़ा जिले में एक मकान पर पहाड़ी से मलबा आने के कारण तीन लोगों की दबकर मौत हो गई है। अल्मोड़ा नगर में भी मकान की दीवार गिरने से किशोरी की दबकर मौत हो गई। बागेश्वर जिले में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर खीनापानी क्षेत्र में मलबे में दबने से दो श्रमिकों की मौत हो गई है।
Deewan Singh
Editor