लखनऊ। राशन नहीं मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक लोग जाम के बीच में फंसे रहे। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी भी की। उधर जाम की सूचना मिलने के बाद गुलरिहा थाने की पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया तो जाम करीब 2 बजे समाप्त हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो महीने से स्थानीय कोटेदार राशन नहीं दे रहा है। कई लोगों का तो उसने अंगूठा लगाकर भी राशन नहीं दिया अगर दिया भी तो घटतौली कर दी। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विकास खंड से लेकर उच्चाधिकारियों तक किया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को करीब 1:30 बजे भटहट-बांस स्थान मार्ग को जंगल माघी गांव के सामने जाम लगा दिया। इससे राहगीरों को परेशानी होने लगी। सूचना पर तत्काल सीओ चौरीचौरा अखिलानंद उपाध्याय व गुलरिहा थानेदार अमित कुमार दूबे मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने उच्चाधिकारियों से बात कर ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर जाम समाप्त हुआ। थानेदार गुलरिहा अमित कुमार दूबे ने कहा कि राशन की शिकायत को लेकर ग्रामीणों ने जाम लगाया था। करीब आधा घंटे बाद जाम समाप्त हो गया।
Deewan Singh
Editor