नई दिल्ली। पिछले दिनों यूपी के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के बाद सियासत लगातार गरमा रही है। आज पुलिस ने धारा 144 का उल्लंघन और शांतिभंग सहित विभिन्न धाराओं में प्रियंका गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के बाद देशभर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है। आज कई जगहों पर कांग्रेसियों ने इसका विरोध करते हुए प्रदर्शन आदि किए। प्रियंका की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर सैकड़ों कांग्रेसी सीतापुर में पीएसी गेट पर पहुंच गए जहां प्रियंका को हिरासत के बाद रखा गया था। कांग्रेसी नेताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इधर पुलिस-प्रशासन ने मामला तूल पकड़ता देखकर मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया। कांग्रेस विधायक अराधना मिश्रा भी गिरफ्तारी देने वहां पहुंचीं। जिन्हें रोकने के लिए भारी महिला फोर्स लगाया गया। लखीमपुर की ओर जा रहे कांग्रेसियों को सीतापुर या अन्य जिलों में ही रोक लिया गया है। कई नेताओं को उनके घर में नजरबंद रखा गया है।
Deewan Singh
Editor