नई दिल्ली। रूस में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे यहां लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि रूस में कोरोना संक्रमण से बीते रोज 973 लोगों की मौत हुई। यह महामारी की शुरुआत से अब तक की सर्वाधिक दैनिक मृतक संख्या है। रूस में संक्रमण के कारण दैनिक मृतक संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही देश में मंगलवार को संक्रमण के 28,190 नए मामले सामने आए। संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण रूस की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली पर दबाव बढ़ गया है। देश के स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराश्को ने मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में कहा कि रूस के अस्पतालों में भर्ती कोविड-19 के 2,35,000 मरीजों में से 11 प्रतिशत मरीजों की हालत गंभीर या नाजुक है। रूस में कोरोना वायरस कार्यबल ने देश में संक्रमण के 78 लाख मामलों की पुष्टि की है, जिनमें से 2,18,345 लोगों की मौत हो गई है। यह यूरोप में सर्वाधिक मृतक संख्या है। रूसी सरकार का कहना है कि देश में पिछले महीने से संक्रमण के मामलों में तेजी आने का कारण टीकाकरण दर कम होना है। सरकार ने शुक्रवार को बताया कि रूस की कुल 14 करोड़ 60 लाख की आबादी के करीब 33 प्रतिशत लोगों यानी मात्र चार करोड़ 78 लाख लोगों ने कम से कम एक टीका लगवाया है, जबकि करीब 29 प्रतिशत लोगों यानी चार करोड़ 24 लाख लोगों का पूर्ण टीकाकरण हुआ है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नव-निर्वाचित रूसी सांसदों के साथ मंगलवार को एक बैठक में व्यापक टीकाकरण के महत्व पर जोर दिया और सांसदों से लोगों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करने में मदद करने का आग्रह किया।
Deewan Singh
Editor