नई दिल्ली। भारत में इंटरनेट की दुनिया फिर बदलने वाली है। इसकी जानकारी केन्द्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी है। उन्होंने कहा कि भारत 6जी तकनीक को विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिसका लक्ष्य 2023 के अंत तक या 2024 की शुरुआत में इसे लॉन्च करना है। एक कार्यक्रम में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 6जी तकनीक को विकसित करने का काम पहले ही शुरू हो चुका है। इसे हम भारत में ही तैयार करेंगे। कहा जा रहा है कि इस तकनीक को लेकर जो भी आवश्यक उपकरण होंगे उन्हें भारत में ही निर्मित किया जाएगा। इसे 2023 या 2024 में देखा जा सकता है। संचार मंत्री ने यह भी कहा कि इस तकनीक को भारत में शुरू करने के बाद विश्वभर में वितरण करेंगे। बता दें कि जिस तरह से 4जी, 5जी को लेकर इंटरनेट की दुनिया की विकास की गति में बदलाव आया है, उसे देखते हुए साफ है कि 6जी के आने से एक बार फिर से इंटरनेट की दुनिया में बड़ा बदलाव आयेगा। फाइनेंशियल टाइम्स और द इंडियन एक्सप्रेस द्वारा आयोजित ऑनलाइन, एजेंडा-सेटिंग वेबिनार की चौथी श्रृंखला ‘न्यू टेक्नोलॉजी एंड द ग्रीन इकोनॉमी: टू ट्रेंड्स शेपिंग ए न्यू इंडिया?’ में बोलते हुए वैष्णव ने कहा कि इस तकनीक के लिए आवश्यक अनुमति पहले ही दी जा चुकी है। हमारे वैज्ञानिक और इंजीनियर प्रौद्योगिकी पर काम कर रहे हैं। कहा कि ना सिर्फ 6जी तकनीक पर काम हो रहा है बल्कि भारत खुद स्वदेशी 5जी लॉन्च करने की भी तैयारी कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगले साल दूसरी तिमाही में 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। इसके लिए ट्राइ से संपर्क किया गया है। ट्राइ इसके लिए सुझाव ले रहा है, जो अगले साल फरवरी-मार्च तक पूरा हो जाएगा। जिसके बाद 2022 की दूसरी तिमाही में नीलामी की प्रक्रिया को शुरू किया जा सकता है।
Deewan Singh
Editor