नई दिल्ली। जवाद चक्रवात को लेकर तीन राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान भयंकर तबाही मचने की संभावना जताई गयी है। उधर आज सुबह से ही राजधानी भुवनेश्वर सहित राज्य के कई हिस्सों बारिश का दौर शुरू हो गया है। वहीं चक्रवात के चलते आज राज्य के 19 जिलों के स्कूल बंद रहे। मौसम विभाग ने कहा कि हवा की गति 70-80 किमी प्रति घंटे से लेकर 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और रविवार तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अतिरिक्त, आईएमडी ने कहा कि वह जवाद को ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ में अपग्रेड नहीं करेगा, यह ‘चक्रवाती तूफान’ बना रहेगा। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब चक्रवात ‘जवाद’ में तब्दील हो गया है और इसके रविवार को ओडिशा में पुरी के पास पहुंचने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात से जो इलाके सर्वाधिक प्रभावित होंगे, उनमें उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापत्तनम जिले तथा ओडिशा के गजपति, गंजाम, पुरी, नयागढ़, खुर्दा, कटक, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा जिले शामिल हैं। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात के शनिवार को सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट के पास पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह ओडिशा और निकटवर्ती आंध्र प्रदेश के तट के पास उत्तर-पूर्वोत्तर की ओर बढ़ेगा और पांच दिसंबर को दोपहर तक पुरी के आसपास के तट पर पहुंचेगा। चक्रवात का नाम जवाद सऊदी अरब ने प्रस्तावित किया है। आईएमडी के महानिदेशक ने बताया कि 30 नवंबर को अंडमान सागर के ऊपर हवा का कम दबाव का एक क्षेत्र बना था। यह दो दिसंबर को अवदाब में और शुक्रवार सुबह एक गहरे अवदाब में बदल गया। आईएमडी ने बताया कि यह शुक्रवार को दोपहर तक चक्रवात में तब्दील हो गया। उन्होंने बताया कि चक्रवात से उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और इससे लगे दक्षिणी तटीय ओडिशा में शुक्रवार की शाम तक बहुत भारी वर्षा शुरू होने की संभावना है तथा शनिवार को बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं। आईएमडी ने शनिवार और रविवार को पश्चिम बंगाल में छिटपुट स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा रविवार और सोमवार को असम, मेघालय व त्रिपुरा में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
Deewan Singh
Editor