हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के काफिले में तीन गाड़ियां हादसे का शिकार हुई। जिसमें तीन गाड़ियां आपस में टकराई हैं। इस घटना में दो सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए, घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। आपको बता दें, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शनिवार को अपने घर हमीरपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर अपने घर हमीरपुर आए थे। इस दौरान शनिवार को उनका दिल्ली लौटने का कार्यक्रम तय था और जैसे ही वह दिल्ली के रवाना हुए तो सर्किट हाउस हमीरपुर के पास यह हादसा हो गया, हालांकि केंद्रीय मंत्री, उनका स्टाफ और गाड़ी पूरी तरह सुरक्षित है।
ट्रैफिक प्रभारी पाल सिंह का कहना है कि केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के काफिले में चल रहे वाहनों के आपस में टकराने की हमें सूचना मिली। दरअसल, गाड़ी के आगे बेसहारा पशु आने के बाद आगे चल रही गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे चल रहे वाहन आपस में टकरा गए। इस घटना में दो सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए, घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।