नई दिल्ली। झारखंड की राजधानी रांची और मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में तिरंगा झंडा लगाते समय हुए हादसों में एक बच्चे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार राजधानी रांची के कांके क्षेत्र में झंडा लगाते समय एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। वहीं मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में भी तिरंगा लगाने के लिए छत पर गए बिजली के तार से झंडे का पोल छूने पर उसमें करंट दौड़ गया जिससे झंडा लगा रहा युवक उस करंट की चपेट में आ कर झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रांची में कांके इलाके में एक युवक अपनी छत पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा झंडा लगा रहा था। इस दौरान वो छत के ऊपर से निकले 11 हजार वोल्टेज के करंट की चपेट में आ गया। उसको बचाने के लिए उसकी बहन आई तो वो भी इस करंट की चपेट में आ गई और जब इन दोनों को बचाने के लिए उनकी चचेरी बहन आई तो वो भी इनकी तरह उसी करंट का शिकार हो गई। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई।
Deewan Singh
Editor