भोपाल। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा 30 सितंबर को घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। करीब छह दिन बाद पुलिस को मलावर थाना क्षेत्र के जंगल में उसका शव मिला। उसका सिर धड़ से लगभग 50 फीट दूर मिला। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली कड़ी यह है कि जिस युवक पर छात्रा को अपने साथ ले जाने और हत्या में शामिल होने का संदेह है, उसकी भी बाद में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस अब छात्रा की हत्या और युवक की मौत के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक की पहचान अंकित मालवीय के नाम से हुई है। लड़की उससे मिलने के लिए करेड़ी से राजगढ़ आई थी, जिसके बाद वह उसे जंगल ले गया। राजगढ़ के एसपी अमित टोलानी ने कहा कि जांच से पता चला है कि दोनों रिलेशनशिप में थे और लड़की की हत्या की गई थी, जबकि हत्या के आरोपी युवक की बाद में सड़क हादसे में मौत हो गई। हालांकि, हत्या की असल वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है दोनों के बीच बहस के बाद आरोपी ने आरी से लड़की की हत्या कर दी और बाद में अपने चचेरे भाई को घटना के बारे में बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंकित मालवीय अपनी मोटरसाइकिल से जंगल से निकला, लेकिन एक ट्रक से टकराने के बाद उसकी मौत हो गई। नाबालिग लड़की करेड़ी गांव में अपने मामा के साथ रहती थी और 30 सितंबर से लापता थी। राजगढ़ कोतवाली पुलिस स्टेशन में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मिसिंग रिपोर्ट दर्ज होने के बाद नाबालिग लड़की की गतिविधियों का पता लगाना शुरू किया और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में वह जमोनिया गणेश गांव के रहने वाले मालवीय के साथ मोटरसाइकिल पर शमशेरपुरा की ओर जाती हुई दिखी। मालवीय पीथमपुर की एक फैक्ट्री में काम करता था और कथित तौर पर करीब दो साल से लड़की के संपर्क में था।

