Apr 12, 2026

प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को देहरादून में प्रमुख विकास परियोजनाओं के लोकार्पण से पहले मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे

post-img

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून 14 अप्रैल को एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह दौरा न केवल राजनीतिक बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी खास माना जा रहा है। अपने लगभग दो घंटे के प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जिनमें भव्य रोड शो, मंदिर दर्शन, एक्सप्रेसवे का लोकार्पण और जनसभा शामिल हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे उत्तर प्रदेश के गणेशपुर जाएंगे और फिर दोपहर करीब 12 बजे देहरादून स्थित मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे और गढ़ी कैंट क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर करीब 2 बजे उनका वापस लौटने का कार्यक्रम है। इस दौरे का सबसे आकर्षक हिस्सा लगभग 12 से 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो होगा, जिसे देवभूमि के इतिहास का अभूतपूर्व आयोजन बताया जा रहा है। रोड शो के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोक नृत्य एवं पारंपरिक संगीत के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, प्रधानमंत्री इस दौरे में एक्सप्रेसवे के साथ अन्य कई विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि उत्सव का रूप ले चुका है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था और विकास के संगम का प्रतीक माना जा रहा है। मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना से लेकर विशाल जनसभा तक, हर कार्यक्रम के जरिए उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और विकास की दिशा को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।