हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों और भरोसे को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने सोशल मीडिया पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर 10वीं कक्षा की छात्रा को प्रेम जाल में फंसाया और फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, असलियत सामने आने पर आरोपी ने नाबालिग पर धर्म परिवर्तन करने के लिए मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ज्वालापुर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी की दो साल पहले इंस्टाग्राम पर 'मोनू' नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर छात्रा को धोखे में रखा और लगातार बातचीत कर उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोपी की पहचान बाद में मोनू शेख समीर (21 वर्ष) के रूप में हुई। आरोप है कि पिछले दो वर्षों के दौरान आरोपी मोनू अक्सर छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाता था। वह उसे स्कूल या घर के पास से अपनी सफेद रंग की कार में बैठाकर जटवाड़ा पुल और नहर पटरी जैसे सुनसान इलाकों में ले गया। वहां उसने शादी का झांसा देकर और प्यार का ढोंग रचकर नाबालिग के साथ कार के अंदर ही कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय पहले जब छात्रा को आरोपी के समुदाय विशेष के होने का पता चला, तो उसने विरोध किया। इस पर आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि अगर वह सच बताता तो वह उससे दोस्ती नहीं करती। इसके बाद आरोपी ने छात्रा का मानसिक शोषण शुरू कर दिया और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने लगा। आरोपी के प्रलोभन और दबाव के चलते छात्रा मानसिक रूप से विचलित हो गई, जिसके बाद उसने परिजनों को सारी आपबीती सुनाई। परिजनों की तहरीर पर ज्वालापुर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी मोनू शेख समीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है और परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।