उत्तराखंड की ऊँची हिमालयी चोटियों और बर्फीले दर्रों के बीच अब केवल सेना की पदचाप ही नहीं, बल्कि पर्यटकों के खिलखिलाते चेहरे भी दिखाई देंगे। राज्य सरकार और केंद्र के 'वाइब्रेंट विलेज' कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड के सीमांत जिले चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ अब देश के नए 'टूरिज्म हब' के रूप में उभर रहे हैं। जो गांव कभी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में वीरान हो रहे थे, आज वे 'बॉर्डर टूरिज्म' की बदौलत अपनी नई पहचान लिख रहे हैं। लंबे समय तक चीन और नेपाल सीमाओं से सटे ये इलाके सामरिक दृष्टि से संवेदनशील होने के कारण पर्यटकों की पहुंच से दूर थे। रोजगार की कमी ने यहाँ के युवाओं को शहरों की ओर पलायन के लिए मजबूर कर दिया था। लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। केंद्र सरकार की वाइब्रेंट विलेज योजना ने इन बेजान इलाकों में नई जान फूंक दी है। नीती घाटी, मुनस्यारी, धारचूला और नेलांग जैसे क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी सुविधाएं पहुंचने से न केवल पर्यटकों की राह आसान हुई है, बल्कि स्थानीय लोगों को अपने ही घर में रोजगार के अवसर मिलने लगे हैं।
बॉर्डर टूरिज्म का सबसे खूबसूरत हिस्सा यहाँ का होमस्टे मॉडल है। चमोली की नीती घाटी इसका जीवंत उदाहरण है। यहाँ पर्यटक केवल प्रकृति को निहारने नहीं आते, बल्कि भोटिया जनजाति की समृद्ध जीवनशैली को जीने आते हैं। यहाँ के होमस्टे में ठहरकर सैलानी पारंपरिक ऊनी वस्त्रों के निर्माण की बारीकियां सीखते हैं और मंडुवा की रोटी, झंगोरा की खीर व थुकपा जैसे लजीज पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद चखते हैं। यह अनुभव किसी लग्जरी होटल से कहीं अधिक आत्मीय और सांस्कृतिक है। साहसिक खेलों के शौकीनों के लिए बॉर्डर टूरिज्म किसी स्वर्ग से कम नहीं है। हाल ही में नीती घाटी और मुनस्यारी में आयोजित 'बॉर्डर मैराथन' और 'अल्ट्रा रन' ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है। 30 से 50 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई और बर्फीले रास्तों पर धावकों का दौड़ना अब एक सालाना उत्सव बनता जा रहा है। इसके अलावा, मिलम ग्लेशियर, पंचाचूली बेस कैंप और उत्तरकाशी की नेलांग वैली अब ट्रेकिंग और माउंटेन बाइकिंग के शौकीनों के बीच पहली पसंद बन गई है। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का मानना है कि बॉर्डर टूरिज्म का रणनीतिक महत्व भी है। वे कहते हैं, "जब सीमांत क्षेत्रों में आबादी बनी रहती है और गतिविधियां बढ़ती हैं, तो यह देश की सुरक्षा के लिहाज से भी फायदेमंद होता है। स्थानीय लोगों की मौजूदगी सीमाओं पर नजर रखना आसान बनाती है।" पर्यटन बढ़ने से इन इलाकों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। ऋषिकेश या देहरादून से सड़क मार्ग द्वारा जोशीमठ पहुंचें। वहां से तपोवन और मलारी होते हुए नीती गांव जा सकते हैं। यहाँ जाने के लिए स्थानीय प्रशासन से इनर लाइन परमिट लेना अनिवार्य है। प्राचीन व्यापारिक मार्ग के अवशेष, भोटिया संस्कृति और धौलीगंगा की भव्यता। हल्द्वानी या काठगोदाम से अल्मोड़ा और बागेश्वर होते हुए मुनस्यारी पहुंच सकते हैं। मिलम ग्लेशियर का 60 किमी का रोमांचक ट्रेक यहीं से शुरू होता है, जिसमें लीलम और रैलकोट जैसे खूबसूरत पड़ाव आते हैं। भारत-नेपाल सीमा पर शांति का अनुभव, बिर्थी फॉल और पंचाचूली चोटियों के अद्भुत दृश्य। उत्तरकाशी की यह घाटी अपनी अनूठी भौगोलिक बनावट के कारण 'मिनी लद्दाख' के रूप में प्रसिद्ध है। सरकार का कहना है कि वे संवेदनशील पारिस्थितिकी को लेकर सजग हैं। बढ़ते पर्यटन के साथ कचरा प्रबंधन और जैव विविधता की रक्षा करना सबसे बड़ी चुनौती है, जिस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अगर आप भीड़भाड़ से दूर, असली हिमालय और सीमांत जीवन की जीवटता को महसूस करना चाहते हैं, तो उत्तराखंड की सीमाएं आपका इंतजार कर रही हैं।