लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तबीयत स्थिर बनी हुई है। आज दोपहर को मेदांता अस्पताल ने पहला हेल्थ बुलेटिन जारी किया। इसमें सिर्फ इतना बताया गया है कि वह सीसीयू यानी क्रिटिकल केयर यूनिट में एडमिट हैं। स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम उनका ट्रीटमेंट कर रही है। उधर उनका हाल जानने के लिए आज अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव के अलावा परिवार के सभी लोग मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे। वहीं शिवपाल यादव ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना। उनकी बीमारी, ब्लड प्रेशर या ऑक्सीजन लेवल से जुड़ी हुई कोई जानकारी नहीं दी गई है। मुलायम सिंह के स्वास्थ्य का हाल जानने मेदांता आए कार्यकर्ताओं से धर्मेंद्र यादव मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नेताजी के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, दुआओं की जरूरत है। रविवार शाम को मुलायम सिंह की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें सीसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया। अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव के अलावा परिवार के सभी लोग मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे। वहां उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत की। सोमवार को भी शिवपाल यादव अस्पताल पहुंचे। इधर, लखनऊ में मुलायम सिंह और अखिलेश के आवास पर सन्नाटा है। सपा कार्यालय में भी आवाजाही नहीं है। पूरा परिवार इस वक्त दिल्ली और गुरुग्राम में है। रविवार को ही हालत नाजुक होने की सूचना पर अखिलेश, पत्नी डिंपल और बेटे अर्जुन के साथ दिल्ली निकल गए थे। वहीं, वाराणसी के बीएचयू का छात्र आशुतोष सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंच गया। उसने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के लिए किडनी डोनेट करने का प्रस्ताव रखा है।
Deewan Singh
Editor