लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तबीयत आज अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है ऑक्सीजन लेवल कम होने के चलते उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। अस्पताल में डॉ. नरेश त्रेहन और डॉ. सुशीला कटारिया लगातार मुलायम सिंह की सेहत पर नजर रख रहे हैं। उधर, पूर्व सीएम अखिलेश यादव अपने बेटे अर्जुन के साथ गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंच गए हैं। शिवपाल सिंह यादव भी दिल्ली में मौजूद हैं। अपर्णा यादव भी दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं। पिछले कई दिनों से मेदांता में मुलायम सिंह यादव का इलाज चल रहा है। मुलायम सिंह के गृह जिले सैफई से उनके करीबी और पूरा परिवार दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। मुलायम इस वक्त 82 साल के हैं। इससे पहले 24 जून 2022 को मुलायम सिंह यादव की ज्यादा तबीयत खराब होने पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर रूटीन चेकअप और इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था। इससे पहले मुलायम सिंह यादव को 15 जून की शाम को मेदांता में भर्ती कराया गया था। यहां पर स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें दो दिन में डिस्चार्ज कर दिया गया था। दरअसल, मुलायम सिंह यादव बीते दो साल से बीमार चल रहे हैं। परेशानी अधिक बढ़ने पर उन्हें अक्सर अस्पताल में भर्ती कराया जाता है। पहले भी वह कई बार मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए चुके हैं। मुलायम सिंह यादव को जुलाई, 2021 में भी मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
Deewan Singh
Editor