नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सियासी घमासान के बीच एक्ट्रेस कंगना रनोट ने उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि जब पाप बढ़ जाता है तो सर्वनाश होता है और उस के बाद सृजन होता है और फिर जीवन में कमल खिलता है। बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस्तीफा दे दिया है और एकनाथ शिंदे प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। आज पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा शिंदे गुट के साथ मिलकर सरकार बनाने जा रही है और शाम साढ़े सात बजे एकनाथ शिंदे सीएम पद की शपथ लेंगे।
कंगना ने अपने बयान में कहा, ‘1975 के बाद ये समय भारत के लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण समय है। 1975 में लोक नेता जेपी नारायण की एक ललकार, सिंहासन छोड़ो कि जनता आती है से सिंहासन गिर गए थे। 2020 में मैंने कहा था कि लोकतंत्र एक विश्वास है और सत्ता के घमंड में आकर जो इस विश्वास को तोड़ता है, उसका घमंड टूटना भी निश्चित है। ये किसी व्यक्ति विशेष की शक्ति नहीं है, ये शक्ति है एक सच्चे चरित्र की। दूसरी बात हनुमानजी को शिवजी का 12वां अवतार माना जाता है और जब शिवसेना ही हनुमान चालीसा को बैन कर दे तो उन्हें तो फिर शिव भी नहीं बचा सकते। हर हर महादेव.. जय महाराष्ट्र, जय हिंद।’
Deewan Singh
Editor