नई दिल्ली। आज 12वीं का रिजल्ट जारी करने के बाद केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं का रिजल्ट भी जारी कर दिया है। इस वर्ष के परीक्षाओं में जहां 12वीं में 92.71 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं तो वहीं 10वीं में 94 प्रतिशत स्टूडेंट पास हुए हैं। बता दें कि छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in पर परिणाम चेक कर सकते हैं। इसके अलावा रिजल्ट results.gov.in पर भी जारी हुए हैं। उधर अत्यधिक ट्रैफिक होने की वजह से वेबसाइट क्रैश हो गई है। आपको बता दें कि 12वीं में लड़कों के मुकाबले लड़कियों का रिजल्ट 3.29% ज्यादा रहा। वहीं, 10वीं के नतीजों में लड़कियां 1.41% से आगे रहीं।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली तान्या सिंह ने 12वीं की परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल किए हैं।तान्या सिंह, बुलंदशहर के दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। रिजल्ट आने के बाद तान्या के घर और स्कूल में जश्न का माहौल है।
बता दें कि10वीं और 12वीं की टर्म-2 परीक्षा करीब 35 लाख छात्रों ने दी है। इसमें 10वीं के 2116290 और 12वीं के 1454370 छात्र शामिल हैं। परीक्षा देश के विभिन्न स्थानों पर निर्धारित हजारों केंद्रों पर 26 अप्रैल, 2022 से लेकर 15 जून, 2022 तक आयोजित की गई थी। सीबीएसई कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में पासिंग मार्क्स 33% हैं। उन विषयों में जिनमें प्रैक्टिकल और थ्योरी दोनों हैं, दोनों में कम से कम 33% मार्क्स हासिल करना जरूरी है।
Deewan Singh
Editor