नई दिल्ली। आज देशभर में भाजपा का 42वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दौरान जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर भाजपाईयों ने ध्वजरोहण किया और एक-दूसरे को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई दी है। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में अपने मुख्यालय में जहां पार्टी का झंडा फहराया। वहीं पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्तोओं को संबोधित किया। इसके अलावा लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाग लिया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने परिवारवाद, केंद्र सरकार की योजनाएं, वोटबैंक की राजनीति और देश की अर्थव्यवस्था जैसे कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने कहा कि मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तीन दशक के बाद राज्यसभा में किसी पार्टी के सदस्यों की संख्या 100 तक पहुंची है। वैश्विक दृष्टिकोण से देखें या राष्ट्रीय दृष्टिकोण से देखें भाजपा का दायित्व, भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व लगातार बढ़ रहा है। कहा कि हमारे लिए राजनीति और राष्ट्रनीति साथ साथ चलते हैं, लेकिन ये भी सच्चाई है कि अभी भी देश में दो तरह की राजनीति चल रही है। एक राजनीति है परिवारभक्ति की, और दूसरी है राष्ट्रभक्ति की। परिवारवादी पार्टियों ने देश के युवाओं को भी कभी आगे नहीं बढ़ने दिया, उनके साथ हमेशा विश्वासघात किया है। आज हमें गर्व होना चाहिए कि आज भाजपा ही इकलौती पार्टी है जो इस चुनौती से देश को सजग कर रही है, सतर्क कर रही है।
Deewan Singh
Editor