भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ आपत्तिजनक ट्वीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जिसके बाद सियासी घमासान शुरू हो गया। जिसमे दिल्ली भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए। तजिंदर बग्गा एक सच्चा सरदार है। उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता है। मिश्रा ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों ?
बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा ने बताया कि आज सुबह 10-15 पुलिसकर्मी हमारे घर आए और तजिंदर को घसीटकर बाहर निकाला। जब मैंने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अपना मोबाइल फोन उठाया, तो पुलिस मुझे दूसरे कमरे में ले गई। यहां पुलिस ने मेरे चेहरे पर मुक्का मारा। इस मामले पर हरियाणा भाजपा नेता अरुण यादव ने दिल्ली के मुख्ययमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल तजिंदर बग्गा से डर गए हैं। अब पंजाब पुलिस का सहारा ले रहे हैं। ट्वीट कर यादव ने मामले में गृह मंत्री अमित शाह से संज्ञान लेने के लिए कहा है।
आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ने कहा कि भाजपा नेता तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बग्गा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी दी थी।
क्या है विवादित ट्वीट?
तजिंदर पाल सिंह बग्गा पर केजरीवाल के खिलाफ विवादित ट्वीट करने का आरोप है। इस मामले में उनके खिलाफ मोहाली साइबर क्राइम ने केस दर्ज किया था। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता सन्नी आहलूवालिया की शिकायत पर यह मुकदमा पंजीकृत किया गया था। बग्गा पर आरोप है कि उन्होंने केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में बग्गा के एक विवादित ट्वीट का हवाला दिया गया है, जो दिल्ली विधानसभा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म पर केजरीवाल के बयान के बाद बग्गा ने किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बग्गा ने केजरीवाल को धमकी भरे लहजे में एक के बाद एक कई ट्वीट किए।