नई दिल्ली। स्वर कोकिला लता मंगेशकर आज हमेशा-हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह गयीं। उनके निधन से पूरा देश गमगीन है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर उनके निधन पर दुख जताया। इसके बाद तमाम राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें श्रृद्धांजलि दी। उनके निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने अपने ट्वीट में उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके अंतिम दर्शनों के लिए मुंबई जा रहे हैं। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ शिवाजी पार्क में शाम साढ़े छह बजे किया जाएगा। बृहन्मुंबई नगर निगम आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम लगभग 5:45-6:00 बजे अंतिम संस्कार के मैदान में पहुंचेंगे, जिसके बाद लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार शाम लगभग 6:15-6:30 बजे किया जाएगा। लता मंगेशकर को आखिरी अलविदा कहने के लिए सदी के महानायक अमिताभ बच्चन उनके घर प्रभुकुंज पहुंच गए हैं। अमिताभ बच्चन के साथ उनके बेटी श्वेता बच्चन भी प्रभुकुंज पहुंची है।
Deewan Singh
Editor