किच्छा/रुद्रपुर। उत्तराखण्ड में अगले साल होने वाले चुनावों को लेकर राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान गांव से लेकर शहर तक राजनीतिक हलचलें तेज हो चली हैं। सियासी गलियारों में प्रचार का घमासान मचा हुआ है, सभी पार्टियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपनी-अपनी पार्टियों की रीतियों व नीतियों को लेकर जन-जन तक पहुंच रहे हैं। वहीं टिकट को लेकर भी अभी से घमासान मचना शुरू हो गया। इस दौरान बाहरी बनाम स्थानीय को लेकर भी चर्चाओं का दौर चलने लगा है। इसी क्रम में जवाहरनगर ग्रामसभा के पंत विहार कॉलोनी स्थित पार्क में कांग्रेसियों की एक बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में क्षेत्र की समस्याओं पर मंथन किया गया। बैठक के दौरान वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए। कहा गया कि भाजपा शासन में महंगाई दिनोंदिन बढ़ती जा रही है, विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। भाजपाई भाषणों में विकास की गाथा गाते हैं लेकिन धरातल पर कुछ भी काम नहीं होता। वहीं बैठक के दौरान विधायक राजेश शुक्ला पर जवाहरनगर की उपेक्षा के आरोप भी लगाए गए। वहीं आगामी चुनावों में पार्टी द्वारा बाहरी व्यक्ति को टिकट देने पर विरोध का ऐलान भी किया गया। कहा गया अगर पार्टी द्वारा किसी बाहरी व्यक्ति को किच्छा विधानसभा सीट से टिकट दिया गया तो इसका पुरजोर विरोध किया जायेगा। बैठक में डॉ. गणेश उपाध्याय, हरीश पनेरू, नारायण सिंह बिष्ट, संजीव सिंह, सुरेश पपनेजा, पुष्कर राज जैन, हरीश पाठक, विनोद कोरंगा, प्रेम आर्या, मोहन पाण्डे, डीएन जोशी, पिंकी जोशी, शीतल जोशी, एमसी जोशी, प्रेमा बृजवासी, मधु नेगी, हेम सिंह नेगी आदि मौजूद थे।
Deewan Singh
Editor