यूपी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर बाद भीषण हादसा हो गया। कंटेनर और बीएमडब्ल्यू कार की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार चार लोगों की मौेके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर का चालक फरार हो गया। कार सवार बिहार के रहने वाले हैं। तीन मृतकों की शिनाख्त हो चुकी है, जबकि एक शव की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना के बाद डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की जांच की।
उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे के वक्त BMW की रफ्तार 230 किलोमीटर प्रति घंटे थी। दरअसल, इसमें सवार चारों युवक फेसबुक पर लाइव थे। कैमरा स्पीडोमीटर पर फोकस है। एक युवक कह रहा है- चारों मरेंगे। तभी कार कंटेनर से भिड़ जाती है। हादसे में BMW में सवार चारों युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चारों लोग और BMW का इंजन दूर जा गिरे। एक युवक का सिर और हाथ करीब 20-30 मीटर दूर मिला। कार के परखच्चे उड़ गए। इसके टुकड़े बोरियों में भरकर ले जाए गए। सवा करोड़ रुपए की BMW 62-63 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। कांटा बढ़ते-बढ़ते 230 पर जा पहुंचा। फेसबुक का पूरा वीडियो एक्सीडेंट तक तो नहीं पहुंचता, लेकिन यह किस रफ्तार पर हुआ होगा इसका अहसास करा देता है। कार में बिहार के रोहतास निवासी डॉ. आनंद कुमार, उनके चचेरे बहनोई झारखंड निवासी इंजीनियर दीपक आनंद, दोस्त अखिलेश सिंह और भोला कुशवाहा थे। कार भोला चला रहे थे।