अप्रैल माह शुरू होते ही देशभर में गर्मी सितम ढाने लगी है। हालात यह है कि शुरूआत में ही गर्मी ने कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राजधानी दून से लेकर देशभर के अलग-अलग राज्यों में गर्मी से लोग बेहाल हैं। कई राज्यों में लू का प्रकोप भी चल रहा है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार मार्च के महीने में पूरे देश में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अब तक का सबसे अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.24 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तीसरा सबसे अधिक है। उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 30.73 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला, जो 122 वर्षों में सबसे अधिक है। इसी तरह पूर्वी उत्तर भारत में भी तापमान देखा गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान में शुरुआती लू चलना शुरू हो गई है। शुष्क मौसम अभी जारी रहेगा और अगले 10 दिनों तक बारिश नहीं होगी। साथ ही कहा कि अप्रैल का महीना राजस्थान, गुजरात, मध्य भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के लिए अधिक गर्म होगा।
Deewan Singh
Editor