नई दिल्ली। गुजरात से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। यहां मोरबी जिले के हलवद में नमक कारखाने की दीवार ढहने से पांच महिलाओं समेत 12 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य में जुटा हुआ है। घायलों को आनन-फानन में अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है, वहीं मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकालने का प्रयास जारी है। जानकारी के अनुसार हादसा हलवद GIDC स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में जिस समय दीवार ढही, तब वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि कुछ मजदूरों के बच्चे भी उनके साथ थे, जो हादसे का शिकार हो गए हैं। हालांकि, बच्चों के बारे में कंपनी से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान शुरू किया। घटना के बाद स्थानीय विधायक परसोत्तम सबरिया व कलेक्टर समेत कई उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दीवार किस वजह से गिरी।
Deewan Singh
Editor