नई दिल्ली। महाराष्ट्र में मचे सियासी घमासान के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों की मानें तो भाजपा और बागी शिंदे गुट के बीच सरकार बनाने पर मंथन चल रहा है और बहुत जल्द इसका ऐलान होने की भी संभावना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा ने 8 कैबिनेट और 5 राज्य मंत्रियों का ऑफर शिंदे गुट को दिया है। यही नहीं डिप्टी सीएम के लिए एकनाथ शिंदे का नाम रखा गया है। माना जा रहा है कि अगर सरकार बनती है तो गुलाबराव पाटिल, संभुराज देशाई, संजय शिरसाट, दीपक केसरकर, उदय सामंत मंत्री बन सकते हैं। वहीं बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।
इधर महाराष्ट्र के जारी सियासी संकट के बीच शिवसेना के मुखपत्र सामना में मंगलवार को BJP और बागी विधायकों पर निशाना साधा गया। शिवसेना ने लिखा- दिल्ली में बैठे भाजपाई नेताओं ने महाराष्ट्र को तीन टुकड़ों में बांटने की खतरनाक साजिश रची। इसमें लिखा- सरकार के पक्ष में खड़े लोगों को ED की फांस में फंसाकर आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। महाराष्ट्र के सियासी पटल पर यह खेल कब तक चलेगा? महाराष्ट्र के टुकड़े करने वालों के हम टुकड़े कर देंगे।
उधर संजय राउत ने ट्वीट कर बागी विधायकों व भाजपा पर निशाना साधा है। ट्विटर हैंडल पर बागी विधायकों का बिना नाम लेते हुए लिखा, ‘जहालत’ एक किस्म की मौत है, और जाहिल लोग चलती फिरती लाशें हैं। इससे पहले भी संजय राउत ने बागी विधायकों को ‘जिंदा लाश’ कहकर संबोधित किया था। उन्होंने कहा था, गुवाहाटी में वो 40 लोग जिंदा लाश हैं, उनकी आत्मा मर चुकी है। उनके इस बयान पर काफी हंगामा हुआ था।
Deewan Singh
Editor