लखनऊ। ताजमहल की शाही मस्जिद में नमाज पढ़ने के आरोप में सीआईएसएफ ने चार पर्यटकों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि सीआईएसएफ ने चारों पर्यटकों को पुलिस के हवाले कर दिया है, जिसके बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ ताजगंज थाने में मामला दर्ज कर लिया है। पर्यटकों में से तीन हैदराबाद जबकि एक आजमगढ़ का बताया जा रहा है। उधर ताजमहल मस्जिद इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। इस मामले में अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल का कहना है कि एक्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, ताजमहल की मस्जिद में केवल शुक्रवार का दिन नमाज पढ़ने के लिए नियत है। बाकी दिन नमाज नहीं पढ़ सकते हैं। ताजमहल एक संरक्षित स्मारक है। 2018 में ताजमहल में हर दिन नमाज पढ़ने की याचिका दायर की गई थी, लेकिन उसे खारिज कर दिया गया था। यानी, शुक्रवार को छोड़कर बाकी दिनों में नमाज नहीं पढ़ सकते हैं। पुलिस ने बताया कि पाबंदी के बावजूद नमाज पढ़ने के मामलें में चारों पर्यटकों के खिलाफ धारा-153 में केस दर्ज कर लिया है।
उधर इस मामले में ताजमहल मस्जिद की इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष इब्राहिम जैदी ने नमाज पढ़ने पर पर्यटकों को पकड़े जाने का विरोध किया है। उन्होंने कहा, ताजमहल की मस्जिद में कहीं भी ऐसा नहीं लिखा कि यहां पर केवल शुक्रवार को नमाज पढ़ी जाएगी। मस्जिद देखकर चारों पर्यटक नमाज पढ़ने गए थे। यहां पर हमेशा से नमाज पढ़ी जाती रही है।
Deewan Singh
Editor