राजस्थान के कोटा में एक युवती ने अपने प्रेमी को 50 हजार रूपए की सुपारी देकर अपने ही पिता की हत्या करवा दी। जैसे-जैसे मामले की परतें खुली वैसे-वैसे पुलिस भी हैरान रह गयी। पुलिस के मुताबिक लड़की अपने पिता के नशेड़ी होने से परेशान थी और नशे की लत के चलते ही उसके पिता कर्ज में डूबे थे। लगातार लोग उनके आवास पर कर्ज मांगने के लिए आते रहते थे, जो लड़की को अच्छा नहीं लगता था और यही कारण है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने युवती, उसके प्रेमी सहित पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक राजेंद्र मीणा सरकारी स्कूल में टीचर था। उसके दो पत्नियां हैं और पहली पत्नी से बेटी शिवानी है। दोनों पत्नियां अलग-अलग रहती हैं। बताया जाता है कि राजेंद्र का एक मकान सुल्तानपुर में, जबकि दूसरा मकान बिसलाई गांव में है। सुल्तानपुर वाले मकान में शिवानी अपनी मां सुगना के साथ रहती है। नशे की लत के कारण कर्ज में डूबा शिक्षक राजेंद्र सुल्तानपुर वाला मकान बेचना चाह रहा था।
यह घर पहली पत्नी के नाम से है। कर्ज देने वाले पैसे लेने के लिए इसी घर में आया करते थे इससे शिवानी परेशान थी। नाराज होकर उसने पिता राजेंद्र से बात करना तक बंदकर दिया था। सुल्तानपुर वाला मकान बेचने की जानकारी शिवानी को हुई तो वह नाराज हो गई। उसने अपने पिता राजेंद्र मीणा को मौत के घाट उतारने की साजिश रची। इसके बाद उसने अपने प्रेमी अतुल मीणा को 50 हजार की सुपारी दे डाली। अतुल ने ललित मीणा, देवेंद्र, पवन भील सहित अन्य बदमाशों को साथ लिया और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।