नई दिल्ली। महाराष्ट्र के अमरावती में टारगेट किलिंग के मामले में पुलिस ने अबतक मुख्य आरोपी समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट शेयर करने के आरोप में यहां उमेश कोल्हे की हत्या कर दी गयी थी। बताया जाता है कि छह लोगों ने उनकी गला काटकर हत्या की थी। जांच में सामने आया है कि इरफान रायबर हेल्पलाइन नाम की एक NGO चलाता है और इससे तकरीबन 21 लोग जुड़े हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपी भी इसी NGO से जुड़े हुए हैं।
21 जून को हुई इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। यह रात साढ़े 10 बजे प्रभात चौक पर स्थित महिला महाविद्यालय के बाहर लगे कैमरे में कैद हुआ था। इसमें दो आरोपियों को उमेश कोल्हे के पीछे जाते हुए देखा गया। फिर वारदात के बाद वे भागते हुए भी ये दिखे। भाजपा नेताओं की ओर से दावा किया जा रहा है कि उदयपुर की तरह ही उमेश कोल्हे की हत्या की गई है। अमरावती में कोल्हे निलंबित भाजपा नेता नूपुर शर्मा के समर्थन में एक फेसबुक पोस्ट लिखी थी, जिसके स्क्रीनशॉट को कुछ अन्य संदिग्ध ग्रुप में वायरल कर दिया गया। इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई थी।
उधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस मामले की जांच शुरू की है। वहीं सांसद नवनीत राणा ने इस मुद्दे पर गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिख महाराष्ट्र पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
Deewan Singh
Editor