लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पीजीआई थानाक्षेत्र में शनिवार देर रात कुछ बदमाशों ने एक फौजी की पत्नी और उनके बच्चों को बंधक बनाकर लूटपाट की। घटना से फौजी का परिवार अब भी डरा हुआ है। उधर डकैती की खबर से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। आसपास के लोग भी इस घटना से दहशत में आ गए हैं। बताया जा रहा है कि गन पॉइंट पर लेकर पूरे घर को खंगाला। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बदमाश करीब 12 लाख रुपए के जेवर और 15 हजार कैश लूटकर फरार हो गए। सुबह महिला PGI थाने पहुंची तो पुलिस ने मामूली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर उसे दफा कर दिया। जानकारी के अनुसार PGI थानाक्षेत्र के सैनिक नगर में फौजी अरविंद कुमार की पत्नी अनिता दो बच्चों के साथ रहती हैं। अरविंद की पोस्टिंग भटिंडा में है। अनिता के मुताबिक रात करीब 2 बजे असलहों से लैस बदमाश घर मे घुस आए। बदमाशों ने पहले घर की लाइट बंद की इसके बाद अनिता का ही दुपट्टा फाड़कर उससे उनकी आंख और मुंह पर पट्टी बांध दी। अनिता के साथ सो रही बेटी और बेटे को खामोश रहने को कहा। अनिता ने विरोध करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने बच्चों को गोली मारने की धमकी दी। अनिता के मुताबिक बदमाशों ने उनकी आंख पर पट्टी बांधकर उन्हें गन पॉइंट पर लिया। इसके बाद घर के हर कमरे में ले गए। उनसे अलमारी में रखा कैश और जेवर निकलवाया। कमरों के एक-एक सामान खंगाला। लूटपाट करने के बाद बदमाश कुर्सियां लेकर छत पर गए। वहां थोड़ी देर रुकने के बाद छत के रास्ते ही बाहर भाग गए। बदमाशों के भागने के बाद खौफजदा अनिता बच्चों को लेकर पूरी रात सिसकती रहीं। इस दौरान उन्होंने पति को फोन करके घटना की जानकारी दी।
Deewan Singh
Editor